लखनऊ , जनवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कर्मठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वदेशी आंदोलन के प्रबल पक्षधर 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाला लाजपत राय का अदम्य साहस, अखंड समर्पण, अटूट देशभक्ति और त्यागमय जीवन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'पंजाब केसरी' का संघर्ष और बलिदान आज भी हमें राष्ट्रप्रथम की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने युवाओं से लाला लाजपत राय के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर देश के विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति व सेवा के मार्ग पर अग्रसर करता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित