लखनऊ , जनवरी 15 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक आस्था और जगत पिता भगवान सूर्य की उपासना के पावन पर्व मकर संक्रांति के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवित्र संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने वाले सभी श्रद्धालु भगवान भास्कर की कृपा से अभिभूत हों और माँ गंगा, यमुना व सरस्वती का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मकर संक्रांति लोक आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक परंपराओं का महापर्व है, जो सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक उन्नयन का संदेश देता है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि-संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और अन्नदाता किसानों के पुरुषार्थ को समर्पित पावन पोंगल पर्व की भी सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि समृद्धि और सद्भाव का संदेश देने वाला यह पर्व सभी के जीवन को सुख, शांति, आनंद और आरोग्यता से परिपूर्ण करे, यही उनकी प्रार्थना है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि ये पर्व प्रदेश और देश में खुशहाली, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित