एटा , मार्च 12 -- एटा में हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बिहार के एक कथित मौलाना द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और विश्व हिंदू महासंघ (भारत) के कार्यकर्ता शहीद पार्क पर एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए पं. दीनदयाल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने मौलाना सलीम का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतले का चेहरा काला किया और जूतों से प्रहार भी किया। इस मौके पर कुलदीप शर्मा ने कहा कि किसी की माता के प्रति इस प्रकार की टिप्पणी करना निंदनीय है और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।

उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न केवल प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, बल्कि एक धार्मिक पीठ के प्रमुख भी हैं, इसलिए उनके परिवार के प्रति अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रशासन से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाल में दिल्ली में भीड़ हिंसा की घटना में मारे गए तरुण खटीक नामक युवक के प्रति शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा।

इस मौके पर अभिनव मिश्रा, श्याम जादौन, सुनील चौहान, अवधेश कुशवाहा, नितिन गुप्ता, प्रदीप गुप्ता पप्पन, अंकित मिश्रा, सौरभ सोलंकी, सदानंद गिहार, राम लखन, अनिल वाल्मीकि, नारायण सिंह, मुकेश वार्ष्णेय, दीपक चौहान और अभय राठौर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित