वाराणसी , मई 11 -- सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर आयोजित "सोमनाथ संकल्प महोत्सव" में शामिल होने आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को यहां काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और सोमनाथ से विशेष रुप से लाये गये जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया।

सोमनाथ और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अर्चकों ने संयुक्त रूप से पूजन-अर्चन कराया। राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने सोमनाथ से लाए गए जल से काशी विश्वनाथ जी का जलाभिषेक किया और बाबा विश्वनाथ के दरबार में माथा टेककर लोकमंगल एवं प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर में राज्यपाल को अंगवस्त्र और रुद्राक्ष की माला भेंट की।

मंदिर प्रांगण में पीत वस्त्र धारण किए मंदिर के शास्त्रीगण, बालिकाओं और महिलाओं ने शंखध्वनि की, जबकि वाद्य यंत्र कलाकारों ने डमरू आदि वाद्यों के माध्यम से राज्यपाल व मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने "हर हर महादेव" की जयकार के साथ हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र 'दयालु', हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सुनील पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित