सहारनपुर , दिसंबर 6 -- सहारनपुर में रविवार को उत्तर प्रदेश के सत्तारूढ़ दल और विपक्ष दोनों के शीर्ष नेता का आगमन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को सर्किट हाउस में चार बजे से पांच बजे तक विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और साढ़े पांच बजे सरसावा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। साढ़े पांच बजे वह राजकीय वायुयान से लखनऊ पहुंचेंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री साढ़े तीन बजे उत्तराखंड- गढ़वाल के कोटद्वार क्रास्टगंज से सरकारी हेलीकाप्टर से सहारनपुर के लिए उड़ान भरेंगे और चार बजे सहारनपुर पहुंचेंगे। कमिश्नर डा. रूपेश कुमार और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आज ही अचानक जिला प्रशासन को मिला जबकि सपा के अखिलेश यादव के सहारनपुर पहुंचने की सूचनाएं हफ्ता पहले ही मिल गई थी।
अखिलेश यादव सपा के दिग्गज दलित नेता जसबीर बाल्मिकी के बेटे के विवाह के उपलक्ष्य में वर वधु को आशीर्वाद देने सवा बारह बजे मन्नंत फार्म नगर सहारनपुर पहुंचेंगे। जहां वह करीब 30 मिनट रूकेंगे। एक बजे अखिलेश यादव सपा पिछड़ा वर्ग के प्रमुख नेता और दर्जा प्राप्त पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप के सुपुत्र के विवाह उपलक्ष्य में वर वधू को आशीर्वाद देने के लिए सहारनपुर नगर के चंद्रनगर फार्महाउस पहुंचेंगे जहां वे 30 मिनट रूकेंगे।
श्री यादव एक बज कर 50 मिनट पर नगर के दिल्ली रोड़ स्थित फुलवारी गार्डन पहुंचेंगे जहां वे सपा के वरिष्ठ नेता चौधरी अब्दुल गफ्फूर के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होंगे और वर वधु को आशीर्वाद देंगे। अखिलेश यादव रविवार सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर प्राइवेट वायुयान से सरसावा हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां पार्टी कार्यकत्र्ताओं से मिलने के बाद वह अपनी पार्टी के प्रमुख नेताओं के यहां आयोजित विवाह समारोह के लिए निकल जाएंगे।
कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश यादव के सहारनपुर से प्रस्थान करने के बाद मुख्यमंत्री का सहारनपुर में आगमन होगा। दोनों शीर्ष नेताओं के आगमन को लेकर व्यापक स्तर पर सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। सहारनपुर के लिए यह पहला मौका होगा जब सत्तारूढ़ और विपक्ष के दो शीर्ष नेता एक ही दिन सहारनपुर में होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित