चित्तौड़गढ़ , मार्च 12 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 15 मार्च को आयोजित जौहर श्रृद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने के मद्देनजर विधायक, आयोजकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने गुरुवार को बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वीआईपी पास, रूट व्यवस्था, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, आवारा पशुओं की व्यवस्था, हेलीपेड तैयारियों, बैरिकेडिंग, सार्वजनिक शौचालय, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने और उनके रास्ते और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक चंद्रभान सिंह ने मुख्यमंत्री योगी के यहाँ करीब दो घंटे के प्रवास कार्यक्रम को लेकर बुधवार को मुख्य कार्यक्रम स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जौहर स्मृति संस्थान पदाधिकारियों के साथ बैठक करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उनके दौरे को सफल बनाने के निर्देश दिये।
श्री योगी के आगमन को लेकर शहरवासी भी अति उत्साहित हैं। श्री योगी का चित्तौड़गढ़ में यह चौथा दौरा होगा। श्री योगी के दादागुरु की जन्मस्थली जिले के कपासन क्षेत्र के ग्राम कांकरवा के ठाकुर परिवार में होने से भी उनका यहां से विशेष लगाव है। गत वर्ष भी श्री योगी इस ठाकुर परिवार के एक वैवाहिक समारोह में शामिल हुए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित