हरिद्वार , दिसंबर 20 -- उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा आयोजित सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-01 (रसायन शाखा) एवं प्राविधिक सहायक वर्ग-01 (अभियंत्रण शाखा) की परीक्षा रविवार को आयोजित की जाएगी।

शनिवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि यह परीक्षा उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार (केंद्र कोड-1301) में आयोजित की जाएगी। परीक्षा केन्द्र से 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू होगी। परीक्षा के तहत प्रथम पाली में सहायक कृषि अधिकारी (रसायन शाखा) की परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली में प्राविधिक सहायक (अभियंत्रण शाखा) की परीक्षा अपराह्न दो बजे से शाम चार बजे तक संपन्न होगी।

परीक्षा को नकल-विहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 (पूर्व धारा 144) के तहत बिना अनुमति पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन पर रोक रहेगी। साथ ही जनभावनाएं भड़काने वाले किसी भी कार्यक्रम पर प्रतिबंध रहेगा।

निषेधाज्ञा के दौरान निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि प्रदूषण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर दायरे में लाठी, चाकू, तलवार, आग्नेयास्त्र, विस्फोटक सामग्री आदि ले जाने पर रोक होगी। शांति व्यवस्था में तैनात पुलिस बल के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा।

परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री, मोबाइल फोन, पेजर आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। आदेशों का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दंडनीय होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित