नयी दिल्ली , अप्रैल 25 -- दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 13 वर्षीय लड़के के अपहरण और हत्या के 31 साल पुराने मामले में 54 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता और यू-ट्यूबर सलीम खान को गिरफ्तार किया है, जिसे सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक के नाम से भी जाना जाता है।
आरोपी अंतरिम जमानत मिलने के बाद दो दशकों से अधिक समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने खुद को मृत तक घोषित कर दिया था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने कहा, "यह सफल अभियान दिल्ली पुलिस के अथक प्रयासों को दर्शाता है। पहचान बदलकर और अपनी मृत्यु का ढोंग रचकर एजेंसियों को गुमराह करने की कोशिशों आरोपी की कोशिशों के बावजूद, हमारी टीमों ने उसे ढूंढ निकाला। यह इस बात की पुष्टि करता है कि कानून अंततः अपराधियों तक पहुंच ही जाता है, चाहे वे न्याय से कितने भी समय तक क्यों न बचते रहें।"पुलिस के अनुसार, यह मामला जनवरी 1995 का है, जब सीमेंट व्यवसायी के बेटे संदीप बंसल का स्कूल जाते समय अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ताओं ने 30,000 रुपये की फिरौती मांगी और परिवार को लोनी के पास पैसे पहुंचाने का निर्देश दिया। हालांकि, बाद में बच्चा मृत पाया गया और सलीम खान द्वारा किये गये खुलासे के बाद मुस्तफाबाद के एक नाले से उसका शव बरामद किया गया।
जांच से पता चला कि दरियागंज के रामजस स्कूल में बतौर प्रशिक्षक काम करने वाले सलीम खान और उसके सहयोगी अनिल ने इस अपराध की योजना बनाई थी। दोनों को 1997 में दोषी ठहराया गया और दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई। जहां अनिल ने आत्मसमर्पण कर दिया, वहीं सलीम खान को 2000 में दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा अंतरिम जमानत दी गई थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटा और घोषित अपराधी बन गया। बाद में 2011 में उच्च न्यायालय ने उसकी सजा को बरकरार रखा।
पिछले कुछ वर्षों में, आरोपी हरियाणा और उत्तर प्रदेश में स्थान बदलता रहा, छोटे-मोटे काम करता रहा और अंततः एक नई पहचान के साथ लोनी, गाजियाबाद में बस गया। उसने महिलाओं के कपड़ों की दुकान भी चलाई और एक सामाजिक कार्यकर्ता और यू-ट्यूबर के रूप में लोकप्रियता हासिल की। विशिष्ट सूचना पर कार्रवाई करते हुए, सहायक पुलिस आयुक्त संजय कुमार नागपाल की देखरेख में और निरीक्षक रॉबिन त्यागी के नेतृत्व में अपराध शाखा के डकैती और झपटमारी रोधी प्रकोष्ठ की एक समर्पित टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से लोनी से उसे खोज निकाला और गिरफ्तार कर लिया। उंगलियों के निशान और पुराने रिकॉर्ड के माध्यम से उसकी पहचान की पुष्टि की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित