चम्पावत , जनवरी 27 -- उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए चंपावत को राज्य में सर्वश्रेष्ठ जिला घोषित किया है। समान नागरिक संहिता दिवस के मौके पर देहरादून में आयोजित प्रथम समारोह में उसे यह सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए यूसीसी को सामाजिक समरसता, समान अधिकार और सशक्त प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने यूसीसी का प्रारूप तैयार करने वाली समिति के सदस्यों, इसके सफल क्रियान्वयन में जुटे प्रशासनिक अधिकारियों तथा पंजीकरण कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वीएलसी को भी सम्मानित किया।

इसी क्रम में राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चम्पावत को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। चंपावत जिले ने यूसीसी के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कर एक मिसाल कायम की है।

अभी तक जिले में 24,700 से अधिक नागरिकों ने यूसीसी के अंतर्गत पंजीकरण करवा लिया है। इसे जन जागरूकता की दिशा में प्रशासनिक समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के प्रतिनिधि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने यह सम्मान प्राप्त किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के दो उपनिबंधकों रीता बिष्ट एवं दीपक चन्द्र को भी सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी कुमार ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि जनता के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे आगे आकर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, जिससे समान नागरिक संहिता के उद्देश्यों को पूर्ण रूप से साकार किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित