मुंबई , जनवरी 27 -- यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) की घोषणा से घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए अंत में हरे निशान में बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 319.78 अंक (0.39 प्रतिशत) चढ़कर 81,857.48 अंक पर बंद हुआ। बीच कारोबार में इसमें करीब 996 अंक का उतार-चढ़ाव देखा गया। यह नीचे 81,088.59 अंक और ऊपर 82,084.92 अंक तक गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 126.75 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,175.40 अंक पर पहुंच गया।
यूरोपीय संघ के साथ एफटीए की घोषणा से आज बाजार में निवेश धारणा को समर्थन मिला। दोनों पक्षों के बीच एफटीए पर वार्ता का समापन हो गया है। इसमें 99 प्रतिशत भारतीय वस्तुओं को यूरोपीय संघ के देशों में प्राथमिकता के आधार पर प्रवेश देने की बात कही गयी है।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में रही तेजी से भी शेयर बाजार को समर्थन मिला। रुपया फिलहाल 22 पैसे की बढ़त में 91.68 रुपये प्रति डॉलर पर है।
मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांकों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.71 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.82 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
धातु, बैंकिंग, आईटी और वित्तीय क्षेत्रों की कंपनियों में लिवाली ज्यादा देखी गयी। ऑटो, एफएमसीजी, मीडिया और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक लाल निशान में रहे।
एनएसई में जिन 3,312 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,631 के शेयरों में बढ़त और 1,562 में गिरावट रही। अन्य 119 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 में से 13 कंपनियों के शेयर लाल निशान में रहे। अडानी पोर्ट्स का शेयर 4.33 प्रतिशत चढ़ा। एक्सिस बैंक में 4.31 फीसदी, टाटा स्टील में 2.64, टेक महिंद्रा में 2.58, एनटीपीसी में 2.48 और भारतीय स्टेट बैंक में 2.28 प्रतिशत की तेजी रही। अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 1.81 प्रतिशत, बीईएल का 1.57, आईसीआईसीआई बैंक का 1.49, इंडिगो का 1.40, एलएंडटी का 1.20 और एचडीएफसी बैंक का 1.16 प्रतिशत चढ़ा। ट्रेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस और सनफार्मा के शेयर भी हरे निशान में रहे।
महिंद्रा एंड महिंद्रा में 4.19 प्रतिशत की गिरावट रही। कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 3.14 फीसदी, एशियन पेंट्स में 2.86 प्रतिशत, इटरनल में 1.97, बजाज फिनसर्व में 1.69, मारुति सुजुकी में 1.48, आईटीसी में 1.44 और बजाज फाइनेंस में 1.38 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी। टाइटन, हिंदुस्तान यूनीलिवर और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।
वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 1.35 प्रतिशत, जापान का निक्केई 0.85 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.18 प्रतिशत की बढ़त में रहे। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.37 प्रतिशत ऊपर और जर्मनी का डैक्स 0.09 प्रतिशत नीचे रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित