चंडीगढ़ , फरवरी 13 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को राज्य के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए हरियाणा-यूरोपीय संघ कार्य समूह के गठन की घोषणा की है।

श्री सैनी नयी दिल्ली में हरियाणा-यूरोपीय व्यापार संघ की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से इस समझौते का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 27 देशों का समूह यूरोपन यूनियन एक विशाल और समृद्ध बाजार है, जहां उच्च गुणवत्ता मानकों और क्रय शक्ति की बड़ी संभावनाएं हैं। इस समझौते से हरियाणा के उत्पादों को यूरोपीय बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी सेवाएं, डेटा साइंस और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में नये रोजगार अवसर पैदा होंगे। किसानों के लिए भी यह समझौता लाभकारी सिद्ध होगा, क्योंकि फल, सब्जियां और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद अब ब्रुसेल्स, बर्लिन और पेरिस जैसे प्रमुख बाजारों तक पहुंच सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित