नवी मुंबई , जनवरी 15 -- हरलीन देओल (नाबाद 64 ) और क्लोई ट्राइऑन (नाबाद 27 ) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत यूपी वॉरियर्ज महिला टीम ने गुरुवार को विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के आठवें मुकाबले में मुम्बई इंडियंस को 11 गेंदे शेष रहते सात विकेट से हरा दिया।
यूपी वॉरियर्ज के लिए 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कप्तान मेग लनिंग और किरण नवगिरे की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। सातवें ओवर में नेट साइवर ब्रंट ने मेग लनिंग (25) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसी ओवर में नेट साइवर ब्रंट ने किरण नवगिरे (10) को भी अपना शिकार बना लिया। इसके बाद हरलीन देओल और फीबी लिचफील्ड ने पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। 15वें ओवर में एमेलिया केर ने फीबी लिचफील्ड 22 गेंदों में 25 को आउटकर पवेलियन भेज दिया। यूपी वॉरियर्ज ने 18.1 ओवर में तीन विकेट पर 162रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम कर लिया। हरलीन देओल 39 गेंदों में 12 चौकों की मदद से नाबाद 64 रनों की पारी खेली। और क्लोई ट्राइऑन ने 11 गेंदों में चार चौके और एक छक्का उड़ाते हुए नाबाद 27 रन बनाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित