लखनऊ , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन उत्पादों की कथित किल्लत की अफवाहें फैलाकर जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

सरकार के अनुसार राज्य के सभी जिलों में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य है और घरेलू गैस सिलेंडरों की भी पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपूर्ति श्रृंखला पर लगातार नजर रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इन निर्देशों के तहत जिलों में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पेट्रोल-डीजल पंपों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण भी किया जा रहा है।

सरकार का कहना है कि कुछ स्थानों पर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से पेट्रोल-डीजल और गैस की कमी को लेकर भ्रामक खबरें सामने आ रही हैं, जो सही नहीं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित