प्रयागराज , फरवरी 16 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के विषय एवं जेंडर कोड में त्रुटियों के मामले का संज्ञान लेते हुए बोर्ड सचिव ने संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने कहा है कि संशोधन का अवसर दिए जाने के बावजूद कई प्रधानाचार्यों द्वारा डाटा फीडिंग में लापरवाही बरती गई है। उन्होंने त्रुटिपूर्ण विवरण अपलोड करने वाले विद्यालयों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। सचिव ने जेंडर त्रुटि के आधार पर आवंटित गलत परीक्षा केंद्रों में सुधार करने के भी निर्देश दिए हैं। बोर्ड की ओर से छात्राओं को स्वकेंद्र की सुविधा प्रदान की गई है। जेंडर त्रुटि के कारण प्रभावित छात्राओं को स्वकेंद्र पर परीक्षा दिलाने अथवा यथासंभव सात किलोमीटर की परिधि के भीतर परीक्षा केंद्र आवंटित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही जिन छात्र (बालक) परीक्षार्थियों को जेंडर कोड त्रुटि के कारण स्वकेंद्र सुविधा मिल रही है, उन्हें संबंधित विद्यालय के अन्य बालक परीक्षार्थियों के लिए निर्धारित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा में सम्मिलित कराने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड सचिव ने इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) को निर्देशित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित