लखनऊ , जनवरी 21 -- राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों को धरातल पर उतारते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में अध्ययनरत बालिकाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है।

इसके अंतर्गत प्रदेश के 746 केजीबीवी की छात्राओं को राज्य स्तरीय शैक्षिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के एक्सपोजर विजिट का अवसर प्रदान किया जाएगा। इस योजना के लिए 1283.12 लाख की धनराशि जारी कर दी गई है।

भ्रमण कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़ाकर इतिहास, विज्ञान, संस्कृति, आधुनिक तकनीक एवं राष्ट्र की विकास यात्रा से प्रत्यक्ष परिचित कराना है। एक्सपोजर विजिट के दौरान छात्राएं त्रिवेणी संगम, आनंद भवन, विज्ञान केंद्र, आईआईटी कानपुर, ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, सारनाथ, रामनगर किला, कुशीनगर, तथा दिल्ली के राष्ट्रपति भवन, इंडिया गेट, लाल किला, जंतर-मंतर, कुतुबमीनार सहित अन्य शैक्षिक-ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगी। इसके अतिरिक्त नोएडा सेक्टर-62 स्थित साइंस एवं रिसर्च सेंटर्स जैसे आधुनिक संस्थानों से भी बालिकाओं को परिचित कराया जाएगा।

वहीं विभाग द्वारा प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक्सपोजर विजिट की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। यह भ्रमण 15 फरवरी से 25 फरवरी के मध्य आयोजित किया जाएगा। निगरानी के लिए प्रत्येक जनपद में निगरानी समिति गठित किए जाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। जिला स्तर पर निगरानी समिति के अध्यक्ष जिलाधिकारी होंगे। समिति में सीडीओ एवं सीएमओ द्वारा नामित प्रतिनिधि, आरटीओ प्रशासन, पुलिस प्रशासन प्रतिनिधि सदस्य होंगे तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सदस्य सचिव के रूप में शामिल रहेंगे।

जबकि बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बसों में महिला शिक्षिकाओं की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। प्रत्येक 10 बालिकाओं पर एक शिक्षिका/वार्डेन की तैनाती सुनिश्चित होगी। पुलिस प्रशासन से पूर्व समन्वय, महिला हेल्पलाइन 1090 की जानकारी, प्राथमिक उपचार सामग्री, बसों का फिटनेस प्रमाणन सहित सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित