लखनऊ , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के युवाओं को देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) ने एक नई पहल की है। मिशन के तहत मिशन निदेशक पुलकित खरे ने सोमवार को 'स्पीडअप' सेल का शुभारंभ किया।

इस मौके पर पुलकित खरे ने बताया कि इस सेल का मुख्य लक्ष्य युवाओं को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षित करना है, ताकि ट्रेनिंग पूरी होते ही उन्हें सीधे रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिस्पर्धी बनाएगी।

उन्होंने बताया कि 'स्पीडअप' सेल चार प्रमुख आधारों पर काम करेगा जिनमे उद्योगों की मांग का विश्लेषण, युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करना, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और उन्हें वैश्विक अवसरों से जोड़ना शामिल है। इसके जरिए कंपनियों की जरूरत के मुताबिक पाठ्यक्रम तैयार किए जाएंगे, जिससे प्रशिक्षण और नौकरी के बीच का अंतर कम होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित