गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय रक्षा अकादमी/नौसेना अकादमी एवं संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (I)-2026 को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

आगामी 12 अप्रैल को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकल विहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

अपर जिलाधिकारी ने शुक्रवार को बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापक अपनी तैयारियां यूपीएससी के मानकों के अनुरूप समय से पहले पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर ले जाने की अनुमति न दी जाए। इससे नकल की संभावनाओं को पूरी तरह समाप्त किया जा सकेगा।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर लें और यह सुनिश्चित करें कि वहां सीसीटीवी कैमरे और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से कार्य कर रही हों। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारी समय से अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी का निर्वहन करें।

जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि: राष्ट्रीय रक्षा अकादमी/नौसेना अकादमी परीक्षा पांच केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा तीन केंद्रों पर,तीन पालियों में आयोजित की जाएगी।

बैठक में उपस्थित संघ लोक सेवा आयोग के निरीक्षण अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन के मानक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित