मथुरा , जनवरी 30 -- केंद्र सरकार द्वारा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के प्रस्तावित नए नियमों के विरोध में वृंदावन के अटला चुंगी स्थित राम मंदिर परिसर में शुक्रवार को सर्वजातीय सभा आयोजित की गई। सभा में विभिन्न संतों, धर्माचार्यों एवं समाज के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित नियमों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इन्हें वापस लेने की मांग की।
सभा की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी रघुनाथ दास महाराज एवं स्वामी मोहिनीशरण महाराज ने की। वक्ताओं ने कहा कि नए नियमों से समाज में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है और सरकार को सभी वर्गों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। कुछ वक्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए केंद्र सरकार से पुनर्विचार की अपील की।
सभा में सन्यासी परिषद के प्रतिनिधियों, महिला संगठनों तथा विभिन्न सामाजिक समूहों के वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े किसी भी निर्णय में व्यापक संवाद आवश्यक है। कुछ वक्ताओं ने जनप्रतिनिधियों से इस विषय पर स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की तथा आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी।
सभा में उच्चतम न्यायालय द्वारा मामले में दिए गए अंतरिम आदेश का स्वागत किया गया और अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन के प्रयासों की सराहना की गई। आयोजकों ने कहा कि इस मुद्दे पर कानूनी एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। सभा में बड़ी संख्या में संत, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित