वाराणसी , फरवरी 6 -- विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की नई नियमावली के समर्थन में शुक्रवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में एससी/एसटी और ओबीसी अधिकार (समानता) मोर्चा समेत विभिन्न छात्र संगठनों ने मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। एहतियातन परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सैकड़ों छात्र-छात्राएं पोस्टर और बैनर के साथ परिसर में एकत्र हुए और नियमावली के समर्थन में नारेबाजी की। स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा ड्रोन से भी निगरानी की गई।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नई नियमावली सभी को समानता का अधिकार सुनिश्चित करती है, जबकि इस पर न्यायालय द्वारा रोक लगाए जाने से छात्र समुदाय में असंतोष है। प्रदर्शन का आह्वान पूर्व में सोशल मीडिया के माध्यम से किया गया था।

विश्वविद्यालय में चल रही सेमेस्टर परीक्षाओं के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आई-कार्ड की जांच के बाद ही छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जा रहा है तथा बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

छात्र रोहित कुमार ने आरोप लगाया कि आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को अक्सर जातिगत टिप्पणियों और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। छात्रा निर्मला कुमारी ने कहा कि नई नियमावली से शोषण पर रोक लगेगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि मार्च शांतिपूर्ण रहा और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित