देवरिया , फरवरी 2 -- विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियम को समाप्त करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के देवरिया में समान न्याय संघर्ष समिति द्वारा सोमवार को कलेक्ट्रेट कचहरी परिसर में मांगपत्र अभियान चलाया गया। अभियान में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार यूजीसी के नए नियम के विरोध में जिले में लगातार मांगपत्र अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए शिविर में लोगों ने नियम समाप्त करने की मांग को लेकर अपने-अपने मांगपत्र भरे। बताया गया कि अब तक हजारों लोग इस अभियान के समर्थन में मांगपत्र भर चुके हैं।

कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतम मिश्रा ने कहा कि अभियान को अधिवक्ताओं का व्यापक समर्थन मिला है। ओबीसी वर्ग के अधिवक्ता अजय कुमार यादव ने भी मांगपत्र भरते हुए नियम को समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नया नियम समाज में विसंगति और अलगाव की स्थिति पैदा कर सकता है। समिति के आंदोलन को अधिवक्ता समाज ने आगे भी समर्थन देने का आश्वासन दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित