मेलबर्न , जनवरी 21 -- भारत के यूकी भांबरी और उनके स्वीडिश साझीदार आंद्रे गोरान्सन ने बुधवार को स्थानीय वाइल्ड कार्ड जेम्स डकवर्थ और क्रूज हेविट की जोड़ी को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 पुरुष युगल स्पर्धा के दूसरे राउंड में जगह बना ली है।
आज यहां खेले गये मुकाबले में भारत के टॉप रैंक वाले पुरुष युगल टेनिस खिलाड़ी, दुनिया के नंबर 21 यूकी भांबरी और आंद्रे गोरान्सन की जोड़ी ने सिर्फ 57 मिनट में जेम्स डकवर्थ और क्रूज हेविट पर 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की।
साल के पहले ग्रैंड स्लैम में 10वीं सीड वाली इस इंडो-स्वीडिश जोड़ी ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और उनकी सर्विस लगभग परफेक्ट थीं।
पहले सेट में, उन्होंने अपने पांच सर्विस गेम में से चार लव पर जीते, सिर्फ नौवें गेम में एक पॉइंट गंवाया। पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 और कई ग्रैंड स्लैम विजेता लेटन हेविट के बेटे जेम्स डकवर्थ और क्रूज हेविट के खिलाफ आठवें गेम में मिला ब्रेक सेट जीतने के लिए काफी थी। दूसरे सेट में भी यही सिलसिला जारी रहा, भांबरी और गोरान्सन ने फिर से अपने पांच सर्विस गेम में से चार बिना कोई अंक गंवाए जीत दर्ज की।
अगले राउंड में, भांबरी और गोरान्सन का मुकाबला। मेक्सिको के सैंटियागो गोंजालेज और नीदरलैंड के डेविड पेल तथा ब्राजील की जोड़ी मार्सेलो मेलो और फर्नांडो रोम्बोली के बीच होने वाले मैच की विजेता जोड़ी से होगा।
इससे पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन में, पुरुष युगल ड्रॉ में एकमात्र अन्य भारतीय टेनिस खिलाड़ी निकी कलियंदा पूनाचा पहले राउंड में बाहर हो गए। पूनाचा और उनके थाई जोड़ीदार प्रुचिया इसारो मंगलवार को स्पेन के पेड्रो मार्टिनेज और जौमे मुनार से 7-6(3), 7-5 से हार गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित