चंडीगढ़ , फरवरी 05 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने गुरुवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच कर-मुक्त व्यापार (फ्री ट्रेड) को लेकर डेयरी उत्पादों या कृषि क्षेत्र से संबंधित कोई भी समझौता अब तक नहीं किया गया है। इस मुद्दे पर किसानों को जानबूझकर गुमराह किया जा रहा है।
यहां एक प्रेसवार्ता में बलियावाल ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों द्वारा यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि प्रस्तावित ट्रेड समझौते से पंजाब की खेती और डेयरी फार्मिंग को नुकसान होगा, जबकि वास्तविकता यह है कि इस संबंध में अभी तक कोई अंतिम प्रस्ताव ही तैयार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, " 'आप' सरकार बिना किसी दस्तावेज के ही राज्य में डर का माहौल बना रही है। उन्होंने आम आदमी पार्टी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास किसी भी तरह के समझौते की प्रति मौजूद है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उन्होने बताया कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य एवं प्रमुख उद्योगपति रजिंदर गुप्ता पहले ही इस समझौते को लाभकारी बता चुके हैं, वहीं पार्टी के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा भी इसे पंजाब के हित में बता रहे हैं, जबकि 'आप' के कई नेता इसे पंजाब और किसानों के खिलाफ करार दे रहे हैं।"उन्होंने कहा, "आप के ये परस्पर विरोधी बयान स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि खुद पार्टी के भीतर ही कोई स्पष्टता नहीं है।"श्री बलियावाल ने कहा कि यदि 'आप' को यह समझौता वास्तव में किसानों के खिलाफ लगता है तो वह अपनी सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार के समक्ष इसका आधिकारिक विरोध दर्ज करवाये। उन्होंने कहा कि किसानों को सच्चाई से दूर रखकर राजनीति करना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यदि भविष्य में कोई भी व्यापारिक समझौता होता है, तो वह किसानों और डेयरी उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखकर ही किया जाएगा और इससे कृषि क्षेत्र में निवेश तथा आय दोनों में वृद्धि होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित