कैनबरा , मार्च 18 -- ईरान के बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात स्थित अल मिनहाद एयर बेस पर किए गए हमले में ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल (एडीएफ) के किसी भी कर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यह एयर बेस एडीएफ कर्मियों की तैनाती के लिए एक महत्वपूर्ण केन्द्र है।

ऑस्ट्रेलिया के रक्षा विभाग ने पुष्टि की कि यह हमला 18 मार्च की सुबह हुआ, जिसमें बेस के उस हिस्से को निशाना बनाया गया जहां एडीएफ की लंबे समय से उपस्थिति रही है। रक्षा विभाग ने बयान में कहा, "इस घटना में एडीएफ का कोई भी कर्मी घायल नहीं हुआ है और पश्चिम एशिया में तैनात सभी एडीएफ कर्मी सुरक्षित हैं तथा उनकी उपस्थिति की पुष्टि कर ली गई है।"हमले से बेस के ऑस्ट्रेलियाई हिस्से में बुनियादी ढांचे को मामूली नुकसान पहुंचा, जिसमें एक आवासीय ब्लॉक और एक चिकित्सा सुविधा शामिल है।

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने कहा कि कोई भी ऑस्ट्रेलियाई नागरिक प्रभावित नहीं हुआ है और मिसाइल स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 9:15 बजे बेस के निकट गिरी। उन्होंने इसे क्षेत्रीय अस्थिरता का हिस्सा बताते हुए कहा कि "ईरानी शासन पूरे क्षेत्र में अनियमित हमलों में संलिप्त है," और जारी संघर्ष के दौरान यूएई भारी हमलों का सामना कर रहा है।

अल मिनहाद एयर बेस पर 100 से अधिक ऑस्ट्रेलियाई कर्मी तैनात हैं। इसके अलावा यहां ब्रिटिश बलों तथा अमेरिकी सेना के एक छोटे दल की भी मौजूदगी है। यह केंद्र पश्चिम एशिया में ऑस्ट्रेलिया के अभियानों के लिए लॉजिस्टिक्स, निगरानी, प्रशिक्षण और संचालन का प्रमुख हब है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित