मुंबई , मार्च 03 -- पश्चिम एशिया में ईरान, इज़रायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण यूएई में फंसे महाराष्ट्र के 164 नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विशेष उड़ानों की व्यवस्था की है।
संघर्ष के चलते पश्चिम एशिया के बड़े हिस्से में हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया था, जिससे दुबई और संयुक्त अरब अमीरात के अन्य हिस्सों में महाराष्ट्र के कई नागरिक फंस गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए श्री शिंदे ने संबंधित प्राधिकरणों के साथ समन्वय कर उनकी निकासी सुनिश्चित की।
स्टार एयर द्वारा संचालित दो विशेष उड़ानें मंगलवार को फुजैराह हवाई अड्डे से रवाना होंगी। कुल 164 यात्रियों के आज शाम 5:30 बजे से 7:00 बजे के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पहुंचने की उम्मीद है। इन यात्रियों में इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के 84 छात्र शामिल हैं, जबकि अन्य यात्री ठाणे, मुरबाड और अहिल्यानगर जिलों से संबंधित हैं।
दो दिन पहले उपमुख्यमंत्री शिंदे ने फंसे हुए नागरिकों से बातचीत कर उन्हें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस बीच, उमरगा कस्बे के चार वरिष्ठ नागरिक अभी भी मौजूदा परिस्थितियों के कारण वहीं फंसे हुए हैं। उमरगा-लोहारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रवीण स्वामी ने वीडियो कॉल के माध्यम से उनसे संपर्क कर उनकी सुरक्षा की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि उन्हें शीघ्र वापस लाने के प्रयास जारी हैं। यह मामला धाराशिव जिला कलेक्टर कीर्ति किरण पुजारी के माध्यम से केंद्र सरकार को भी अवगत करा दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित