भोपाल , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है और युवा विधायक इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

श्री तोमर आज यहां विधान परिषद् हॉल में आयोजित दो दिवसीय "युवा विधायक सम्मेलन" के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान विभिन्न विषयों पर गंभीरता, उत्साह और रचनात्मकता के साथ हुए विचार-विमर्श ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीवंतता को प्रमाणित किया है।

उन्होंने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ से आए युवा विधायकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके विचारों और अनुभवों ने सम्मेलन को सार्थक बनाया है। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जागरूक और सचेत नागरिक ही लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला होते हैं।

श्री तोमर ने कहा कि वैश्विक परिदृश्य में जहां कई देशों में युवाओं का असंतोष आंदोलन का रूप ले रहा है, वहीं भारत के युवा "विकसित भारत 2047" के संकल्प को साकार करने के लिए सकारात्मक ऊर्जा के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक प्रतिबद्धता है।

उन्होंने कहा कि इस विजन के तहत युवा, गरीब, महिलाएं और किसान प्रमुख स्तंभ हैं और नवाचार, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण तथा आधुनिक कृषि के माध्यम से देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

श्री तोमर ने कहा कि युवा विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास के साथ डिजिटल साक्षरता को भी बढ़ावा देना होगा। उन्होंने स्वच्छता, जल संरक्षण और ऊर्जा बचत जैसे विषयों पर जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शासन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना भी आवश्यक है और इसमें युवा विधायक सेतु की भूमिका निभा सकते हैं।

श्री तोमर ने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मेलन में प्राप्त अनुभवों और सुझावों को युवा विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में लागू करेंगे, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन इंडिया रीजन ज़ोन-6, मध्यप्रदेश विधानसभा सचिवालय तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और सम्मेलन के सफल समापन की घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित