जयपुर , फरवरी 11 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा है कि युवा स्वयं के विकास के साथ राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें।

श्री बागड़े बुधवार को यहां राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्काउट गाइड संगठन के युवाओं को दृढ़ संकल्प शक्ति और मन बनाकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को अधिकारों की बजाय राष्ट्र और समाज और शिक्षा के प्रति कर्तव्य की भावना को प्राथमिकता देनी चाहिए। स्काउट एवं गाइड संगठन युवाओं की सेवा संकल्प से जुड़ी संस्कृति से जुड़ा संगठन है।

राज्यपाल ने राजस्थान को योद्धाओं की भूमि बताते हुए कहा कि यहां का व्यक्ति शौर्य, वीरता और साहस से जुड़ा है। यहां निरंतर लड़ाइयाँ हुईं पर मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व अर्पण की भावना रही है। उन्होंने सेना में यहां के सर्वाधिक युवाओं के होने की चर्चा करते हुए स्काउट गाइड से जुड़े युवाओं को अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने आपात काल में स्काउट गाइड की रही भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

समारोह में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि वह स्वयं स्काउट संगठन में रहे हैं। यह अनुशासन से जुड़ा युवाओं को प्रेरणा देने वाला संगठन है। समारोह में विधायक दर्शन सिंह और श्री वीरेंद्र सिंह, श्री अखिल शुक्ला ने भी विचार रखें। स्काउट गाइड के मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य ने राजस्थान में संगठन की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इससे पहले श्री बागड़े ने श्रेष्ठ स्काउट गाइड को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया। स्काउट गाइड ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां के साथ साहसिक शिविर आदि से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित