कोलकाता , दिसंबर 16 -- पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार और बिधाननगर पुलिस आयुक्त मुकेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर 13 दिसंबर को सॉल्ट लेक स्थित विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (वीवाईबीके) में फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी की उपस्थिति में आयोजित एक कार्यक्रम में हुई कथित लापरवाही के लिए 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा है।

यह कार्रवाई सोमवार देर रात जांच समिति द्वारा प्रारंभिक रिपोर्ट और सिफारिशें पेश करने के बाद की गयी है। मुख्य सचिव मनोज पंत ने रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए कथित कर्तव्यहीनता के आरोप में बिधाननगर पुलिस उपायुक्त अनीश सरकार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया और जांच पूरी होने तक उन्हें निलंबित कर दिया। मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, डीजीपी से स्टेडियम में कुप्रबंधन पर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। उन्हें बताना है कि निजी आयोजक सहित हितधारकों के साथ समन्वय में क्यों कमी हुई और इस हाई-प्रोफाइल आयोजन के दौरान ऐसी चूक कैसे हुई।

बिधाननगर पुलिस आयुक्त को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर वीवाईबीके में कार्यक्रम के प्रबंधन में आयुक्त कार्यालय की भूमिका और संचालन को स्पष्ट करें। मुख्य सचिव ने युवा मामले एवं खेल विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार सिन्हा को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर आयोजन के दिन हुई चूक पर स्पष्टीकरण मांगा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित