देवरिया, दिसम्बर 17 -- पूर्वी उत्तर प्रदेश के छोटे से जिले देवरिया निवासी युवा क्रिकेटर नमन तिवारी का चयन इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) में फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने एक करोड़ में हायर कर अपनी टीम का हिस्सा बनाया है।
नमन तिवारी अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। जिले के खुखुन्दू क्षेत्र के ग्राम परसिया निवासी सूर्यनाथ तिवारी के पुत्र हैं। इनकी माता सरोज तिवारी एक गृहिणी महिला है। आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स द्वारा एक करोड़ रूपये में हायर कर अपनी टीम का हिस्सा बनाये जाने से न सिर्फ नमन का परिवार, बल्कि पूरा देवरिया जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है। आईपीएल बोली के दौरान नमन की क्रिकेट प्रतिभा पर की टीमों की नजर थी। उनके निरंतर शानदार प्रदर्शन, मेहनत और अनुशासित खेल शैली ने फ्रेंचाइज़ियों को प्रभावित किया था।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है। क्रिकेट के जानकारों का मानना है कि नमन आने वाले समय में टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार नमन तिवारी की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामपुर महुआबरी से हुई, जहां से उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने लखनऊ में रहकर कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और पेशेवर प्रशिक्षण के माध्यम से अपने क्रिकेट कौशल को निखारा। सीमित संसाधनों के बावजूद नमन ने कभी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित