नयी दिल्ली , फरवरी 01 -- युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को यहां आम बजट 2026-27 में आर्थिक चुनौतियों से निपटने के उपाय को नजर अंदाज करने और एप्सटीइन फाइल्स मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लग रहे आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
युवा कांग्रेस के प्रवक्ता वरुण पांडे ने रविवार को यहां बताया कि श्री चिब के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता संगठन के कार्यालय से निकलकर रायसीना रोड पर प्रदर्शन के निकले लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।
श्री चिब ने इस मौके पर कहा कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को जो बजट पेश किया है सही मायने में वह जनता के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार धड़ाम है, और अफरा-तफरी प्रमाण है कि बजट देश की प्रगति का नहीं है। जब नीयत साफ न हो, तो अर्थव्यवस्था ऐसे ही हिचकोले खाती है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ 'सबका साथ' का खोखला नारा और दूसरी तरफ एसएसी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्युसी और अल्पसंख्यक छात्रों के भविष्य पर हमला किया गया है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर युवाओं के सपनों को कुचलकर सरकार कौन सा 'विकसित भारत' बनाना चाहती है। बजट में नौकरियां, उत्पादन, निवेश,गरीब और मध्यम वर्ग को महंगाई से राहत के संबंध में, अन्नदाता किसान के कल्याण के संबंध में, सोशल सिक्योरिटी व अन्य मुख्य विषयों पर मोदी सरकार की तरफ से सब गायब है। देश के नागरिकों की आवाज को सरकार को सुनना चाहिए पर मोदी सरकार को इसमें कोई रुचि नहीं है।
श्री चिब ने यह भी कहा कि अमेरिका द्वारा जारी 'एप्स्टीन फाइल्स' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम कई बार आना और विदेश मंत्रालय का सफाई देने पर 'मजबूर' होना साफ बताता है कि दाल में कुछ काला नहीं, पूरी दाल ही काली है। उन्होंने कहा कि एक तरफ 'बेटी बचाओ' का खोखला नारा और दूसरी तरफ दुनिया के सबसे घिनौने यौन अपराधी के साथ रिश्तों के संकेत।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित