चंडीगढ़ , अप्रैल 29 -- कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार पर युवाओं से वादाखिलाफी का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि 60 हजार युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से शुरू की गयी आईटी सक्षम युवा योजना को मात्र 21 महीनों में बंद कर दिया गया, जिससे युवाओं के सपने अधूरे रह गये।

कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार बड़े दावे कर योजनाएं शुरू करती है, लेकिन बिकना परिणाम दिये उन्हें वापस ले लेती है, जो युवाओं के भविष्य के प्रति गंभीरता की कमी दर्शाता है। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई 2024 को शुरू की गयी इस योजना के तहत 18 से 35 वर्ष के युवाओं को प्रशिक्षण देकर दो साल तक 20 से 25 हजार रुपये मासिक मानदेय देने का प्रावधान था।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब दो लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं, लेकिन उन्हें भरने के लिए ठोस कदम नहीं उठाये जा रहे। साथ ही कौशल विकास योजना के कर्मचारियों को पक्का करने का वादा भी पूरा नहीं हुआ।

कुमारी सैलजा ने कहा कि बेरोजगारी के कारण युवा निराश हो रहे हैं और सरकार को तुरंत ठोस रोजगार नीतियां बनानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित