पटना , मार्च 20 -- हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने शुक्रवार को कहा कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

श्री सुमन ने आज बयान जारी कर कहा कि आज देश और बिहार में युवाओं के कौशल विकास, स्टार्टअप प्रोत्साहन तथा रोजगार सृजन को लेकर ठोस और दूरगामी पहल की जा रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा "स्किल इंडिया", "स्टार्टअप इंडिया" और "आत्मनिर्भर भारत" जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इन पहलों का सीधा लाभ बिहार के युवाओं को भी मिल रहा है, जिससे वे नौकरी तलाशने वाले के बजाय रोजगार देने वाले बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

श्री सुमन ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार भी युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोल रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया, तकनीकी प्रशिक्षण, उद्यमिता को बढ़ावा तथा स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाया जा रहा है।

डॉ. सुमन ने कहा कि आज के दौर में केवल सरकारी नौकरी ही विकल्प नहीं है, बल्कि स्वरोजगार, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में भी असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को इन क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार के युवा न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर युवा को उसकी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप अवसर मिले, जिससे वह अपने सपनों को साकार कर सके और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित