नयी दिल्ली , जनवरी 12 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि युवाओं को बड़े लक्ष्य तय कर पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

श्री चौहान ने आज यहां विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 के तहत आयोजित कार्यक्रम में देशभर से आए युवा नेताओं से संवाद में कहा कि कहा कि राष्ट्र निर्माण में उद्देश्यपूर्ण जीवन और सामूहिक जिम्मेदारी का बहुत महत्व है। उन्होंने भारतीय सभ्यता के मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन को सही अर्थ तब मिलता है, जब वह समाज और देश की सेवा को समर्पित हो। उन्होंने युवाओं को बड़े लक्ष्य तय कर पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि समर्पण, एकाग्रता और आत्मबल नेतृत्व के आवश्यक गुण हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन की भी सराहना की, जिनके नेतृत्व में युवाओं की सार्थक भागीदारी के लिए ऐसे मंच विकसित किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 का आयोजन युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा माई भारत प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शासन और नीति निर्माण में युवाओं की भागीदारी को संस्थागत रूप देना है। इस संवाद की सफलता यह दर्शाती है कि भारत सरकार युवाओं को राष्ट्रीय विकास में एक महत्वपूर्ण भागीदार मानती है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में उनकी आवाज़ को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित