अयोध्या , दिसम्बर 13 -- अयोध्या में विधायक खेल प्रतियोगिता के तहत 20 व 21 दिसम्बर को डाभासेमर स्टेडियम में विभिन्न खेल मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता जूनियर, सब-जूनियर एवं सीनियर स्तर पर महिला व पुरुष वर्गों में आयोजित होगी। आयोजन में वॉलीबाल, बैडमिंटन, कुश्ती, कबड्डी एवं एथेलेटिक (दौड़ सहित विभिन्न ट्रैक व फील्ड स्पर्धाएं) प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ डाभासेमर स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गुप्ता ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है, ताकि जिले के उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है, विधायक खेल प्रतियोगिता उसी दिशा में एक सार्थक पहल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित