जोधपुर , जनवरी 12 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने युवाओं को देश की ताकत बताते हुए कहा है कि युवा शिक्षित और सशक्त बनेगा तो भारत मजबूत होगा।
श्री दिलावर ने सोमवार को राजस्थान में जोधपुर में स्वामी विवेकानंद जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस पर भारत का संकल्प - स्वदेशी एवं स्वावलम्बन थीम पर आयोजित 'रन फॉर स्वदेशी' को जोधपुर सर्किट से हरी झंडी दिखा कर रवाना करने के बाद अपने संबोधन में उक्त बात कही।
इस अवसर पर मंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वामी विवेकानंद जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद हमें शारीरिक रूप से तो स्वस्थ रखता ही हैं, हमारे मन मस्तिष्क को भी स्वस्थ और प्रफुल्लित बनाता है। तन और मन दोनों स्वस्थ होंगे तो हमारी युवा पीढ़ी सफलता के शिखर को प्राप्त करेंगी। उन्होंने स्वदेशी अपनाने और स्वदेश में निर्मित उत्पादों का ही उपयोग करने की भी सभी से अपील की।
रन फॉर स्वदेशी में जोधपुर शहर के हज़ारों विद्यार्थी दौड़े। इस दौरान श्री दिलावर ने रन में बच्चों के साथ दौड़ कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौड़ का समापन राजकीय नवीन उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोहनपुराजोधपुर पहुंचकर सभा के रूप में हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित