अलवर , जनवरी 16 -- राजस्थान में अलवर के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय (संख्या तीन) ने एक युवक की हत्या के आरोपी को शुक्रवार को दोषी करार देते हुए उसे आजीवन कारावास की सजा सुनायी।
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ज्योति सोनी ने अभियुक्त परमजीत को दीपक यादव की हत्या का दोषी मानते हुए उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी किया।
मामले के अनुसार अलवर के सदर थाना क्षेत्र में 12 अप्रैल 2022 को परमजीत ने साजिश के तहत दीपक को अपने घर बुलाया और उसे डंडे से मारकर अधमरा कर दिया। इसके बाद वह दीपक को एक बोरी में डालकर मोटर साइकिल से पहाड़ की तलहटी में ले गया, जहां उस पर पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी। उसने अधजले शव को भी पहाड़ की ओर ले जाकर मृत पशुओं के कंकालों के बीच छुपा दिया। हत्या का कारण एक महिला को लेकर दोनों के बीच विवाद था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित