जालंधर , अप्रैल 18 -- पंजाब सरकार द्वारा चलाये जा रहे एंटी-ड्रग अभियान 'युद्ध नशियां विरुद्ध' के तहत जिला प्रशासन ने शुक्रवार को 'साइक्लोथॉन 4.0' का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य नशा विरोधी जागरूकता फैलाना था।

करीब 2000 प्रतिभागियों ने इस साइक्लोथॉन में हिस्सा लिया और समाज के हर वर्ग से नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। उपायुक्त वरजीत वालिया ने एपीजे स्कूल से इस साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ स्वयं भी साइक्लोथॉन में भाग लिया और लोगों से नशे के खिलाफ एक मजबूत जन आंदोलन खड़ा करने की अपील की।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ जंग छेड़ी है, जिसमें समाजके हर वर्ग का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनभागीदारी के बिना कोई भी लड़ाई नहीं जीती जा सकती। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट करना औरयुवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।

उपायुक्त ने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुसार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है,वहीं बड़े स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाये जा रहे हैं। युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं, ताकि पंजाब को नशामुक्त और सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को नशे के खिलाफ लड़ने, नशा करने वालों को छोड़ने के लिए प्रेरित करने और अभियान मेंसक्रिय भागीदारी की शपथ भी दिलाई।

बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि लुधियाना, होशियारपुर और अन्य जिलों के प्रतिभागियों ने भी इसमें भाग लिया। उन्होंने आशा जतायी कि ये युवा बदलाव के दूत बनकर हर घर तक नशा विरोधी संदेश पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है,वहीं दूसरी ओर नशा मुक्ति केंद्रों में मुफ्त इलाज और व्यावसायिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि प्रभावित व्यक्ति समाज की मुख्यधारा में वापस आ सकें।

कार्यक्रम में साइक्लिंग क्लबों, अधिकारियों, कर्मचारियों और जिला ओलंपिक एसोसिएशन के पदाधिकारियोंको सम्मानित किया गया। सबसे कम उम्र के साइकिल चालकों को भी सम्मानित किया गया, जबकि रेड क्रॉस और प्रयास स्कूल के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने भी इसमें भाग लिया।

यह साइक्लोथॉन तीन श्रेणियों, पांच किमी, 10 किमी और 21 किमी में आयोजित की गयी, जो एपीजे स्कूल मॉडल टाउन से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए वहीं समाप्त हुई, जहां प्रतिभागियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित