उज्जैन , जनवरी 15 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भगवान महाकालेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए श्री महाकालेश्वर भक्त निवास परियोजना (सी एस आर एवं दान वेब पोर्टल) का विधिवत उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कल रात भगवान महाकालेश्वर की पूजा अर्चना और दर्शन कर इस सुविधा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं किफायती आवास सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
परियोजना के अंतर्गत कोऑपरेटिव सोशल रिस्पांसिबिलिटी तथा आम श्रद्धालुओं के दान के माध्यम से संसाधन जुटाए जाएंगे। इसके लिए लॉन्च किया गया सीएसआर एवं दान वेब पोर्टल पूरी तरह सुरक्षित, डिजिटल एवं पारदर्शी है, जिससे आमजन, संस्थान एवं औद्योगिक इकाइयाँ ऑनलाइन दान कर सकेंगी। पोर्टल पर परियोजना से संबंधित उद्देश्य, लाभ, प्रगति तथा दान राशि के उपयोग की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित