भोपाल , नवंबर 18 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज बाल प्रतिभाओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि वे इन प्रतिभाओं में वराह मिहिर, आर्यभट्ट, होमी जहांगीर भाभा, विक्रम साराभाई और डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की प्रतिभा देख रहे हैं।
डॉ यादव क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान भोपाल में आयोजित 52 वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी -2025 को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। आधुनिक विज्ञान का सहारा लेकर हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी सेना के माध्यम से पाकिस्तान को भी धूल चटाते का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऋषि और मुनि दो अलग-अलग शब्द है। इन दोनों शब्द के मर्म को समझेंगे तो हमारे वैज्ञानिक परंपरा को समझने में सफलता हो जाएगी। हमारे मुनि विवाह नहीं करते लेकिन ऋषि परंपरा न्यूनतम आवश्यकताओं के साथ अपना जीवन यापन करते हुए सुदूर जंगल में अध्ययन अध्यापन का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ के माध्यम से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिष्ठित किया। कितना अच्छा लगता है.., जब साइबेरिया की बर्फीली पहाड़ियों पर लोग योग करते हुए दिखाई पड़ते हैं। चीन से लगाकर पाकिस्तान तक कई मामलों में हमारी नहीं बनती, लेकिन योग वाले दिन तो पाकिस्तान वाले लोग भी योग करते हुए संयोग से ही सही नमस्कार तो भारत को ही करते हैं।
डॉ यादव ने कहा कि ये श्लोक हमारे प्राचीन ज्ञान की गहराई को बताता है, "वक्रतुंड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभा" अर्थात् लाखों करोड़ों सूर्य हमारे यहां है। यह जानकारी सनातन संस्कृति के माध्यम से भारतीय लोगों को है। जो अंगदान करता है हम उनको गार्ड ऑफ ऑनर देकर साइंस के इसी भाव को रेखांकित करते हैं। अंगदान से कई लोगों का जीवन बचता है। "यत् पिण्डे तत् ब्रह्माण्डे" अर्थात् "जो पिंड (सूक्ष्म जगत/शरीर) में है, वही ब्रह्मांड (स्थूल जगत) में भी है"।
उन्होंने बच्चों से कहा कि वे उनके बीच कोई वराह मिहिर, कोई आर्यभट्ट, कोई होमी जहांगीर भाभा, कोई विक्रम साराभाई और कोई डॉ कलाम जैसी प्रतिभा देख रहे हैं। तब और आनंद आता है जब मंगल मिशन फेल होने पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे वैज्ञानिकों का हौसला अफजाई करते हैं। विद्या, तर्क, विज्ञान, स्मृति, तत्परता और क्रियाशीलता इन 6 गुणों के आधार पर अपने जीवन से विज्ञान की गति आगे बढ़ाई जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित