हनुमानगढ़ , जनवरी 25 -- राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में यातायात पुलिस ने रविवार को एक कार से नशे के हजारों कैप्सूल और गोलियां बरामद की।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने आज सुबह हनुमानगढ़ टाउन से जंक्शन मार्ग पर घग्घर नदी के पुल के पास यातायात प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल चिंदा पुलिस दल के साथ वाहनों की नियमित जांच कर रहे थे, इसी दौरान हरियाणा नंबर वाली एक कार गलत दिशा से आती दिखी। पुलिसकर्मियों ने कार को रोका और उसकी जांच शुरू की। जांच के दौरान कार के कागजात अधूरे पाए गए, जिसके चलते कार को सीज कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि कार में रखीं पेटियों की तलाशी ली गई, तो उसमें कुल 41 हजार 200 नशीले कैप्सूल और टैबलेट्स मिले। इस पर मौके पर ही जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी चंद्रकांत शर्मा को बुलाया गया, जिन्होंने जब्त सामग्री की जांच की। पुलिस ने तुरंत कार में सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

श्री हरिशंकर ने बताया कि युवकों की पहचान जसकरणसिंह (22) निवासी चंदभान, थाना जैतो मंडी, जिला फरीदकोट, पंजाब और कुलदीपसिंह उर्फ कैरी संधू ( 34) निवासी वार्ड नंबर 2, गंगागढ़, थाना हनुमानगढ़ टाउन के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित