शिवपुरी , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी कोतवाली क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 100 से अधिक वाहनों के चालान काटे हैं। पुलिस सूत्रों ने आज शाम यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार शिवपुरी कोतवाली पुलिस द्वारा यातायात नियमों का पालन न करने पर कुल 106 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिनसे 38 हजार 800 रुपये का चालान वसूला गया।
पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान वाहन चालकों को समझाइश भी दी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि 1 जनवरी से 31 जनवरी तक पूरे प्रदेश में यातायात सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत लगातार चेकिंग और जागरूकता की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित