लंदन , अप्रैल 01 -- ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार को पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह ब्रिटेन का युद्ध नहीं है और देश को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने होर्मुज़ जलडमरूमध्य को पुनः खोलने पर भी जोर दिया।
श्री स्टार्मर ने कहा, "यह हमारा युद्ध नहीं है। हम इस संघर्ष में नहीं पड़ेंगे। यह हमारे राष्ट्रीय हित में नहीं है।" उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया का संघर्ष अब दूसरे महीने में प्रवेश कर चुका है, जिसके मद्देनज़र सरकार त्वरित कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि ब्रिटेन की प्राथमिकता तनाव कम करना और क्षेत्र के महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्ग होरमुज़ जलडमरूमध्य को फिर से चालू कराना है। उन्होंने कहा, "ब्रिटेन में जीवनयापन की लागत को नियंत्रित करने का सबसे प्रभावी तरीका शांति और खाड़ी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करना है।"प्रधानमंत्री ने बताया कि ब्रिटेन इस सप्ताह होरमुज़ जलडमरूमध्य पर चर्चा के लिए कई देशों की बैठक आयोजित करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि विदेश सचिव और वित्त मंत्री जी-7 देशों के समकक्षों से बातचीत कर चुके हैं, जबकि रक्षा मंत्री ने पश्चिम एशिया में सहयोगी देशों के साथ परामर्श किया है।
उन्होंने बताया कि ब्रिटेन ने 35 देशों के साथ मिलकर समुद्री सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक संयुक्त बयान जारी किया है। इस सप्ताह के अंत में आयोजित होने वाली बैठक में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने, फंसे हुए जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति फिर से शुरू करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
श्री स्टार्मर ने कहा कि संघर्ष समाप्त होने के बाद सैन्य योजनाकार यह आकलन करेंगे कि जलडमरूमध्य तक सुरक्षित पहुंच कैसे सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा "हमें सैन्य शक्ति और कूटनीतिक प्रयासों का संयुक्त मोर्चा चाहिए,"उन्होंने घरेलू प्रभावों पर बात करते हुए ऊर्जा कीमतों और महंगाई को लेकर जनता की चिंताओं को स्वीकार किया और तत्काल राहत के लिए पांच सूत्रीय योजना की घोषणा की। इसके तहत प्रति परिवार 100 पाउंड से अधिक की ऊर्जा लागत में कटौती, ईंधन शुल्क में कटौती को सितंबर तक बढ़ाना, हीटिंग ऑयल की कीमतों से प्रभावित लोगों के लिए 53 मिलियन पाउंड की सहायता तथा स्वदेशी स्वच्छ ऊर्जा में निवेश शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित