रांची , फरवरी 01 -- झारखंड भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद एवं डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का ऐतिहासिक केंद्रीय बजट 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का सशक्त प्रतिबिंब है।
यह बजट विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक मजबूत करता है। डॉ. वर्मा ने कहा कि यह बजट युवा, किसान, श्रमिक, महिला एवं उद्यमियों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दूरगामी, समावेशी और विकासोन्मुख दृष्टिकोण को दर्शाता है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि ग्रामीण विकास से लेकर नवाचार, रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं उत्पादन को प्रोत्साहन देने वाले प्रावधान इस बजट को सही मायनों में "जन-जन का बजट" बनाते हैं। स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और आर्थिक सुदृढ़ता पर दिया गया जोर भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में स्थापित करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
डॉ. वर्मा ने आगे कहा कि मोदी सरकार का यह बजट आर्थिक अनुशासन के साथ सामाजिक न्याय और जनकल्याण का संतुलित उदाहरण है, जो आने वाले वर्षों में भारत के समग्र विकास की मजबूत नींव रखेगा। उन्होंने कहा कि इस जनकल्याणकारी एवं दूरदर्शी बजट के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हृदय से आभार एवं अभिनंदन करता हूं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित