ग्रेटर नोएडा , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए ऑटो पार्ट्स निर्माण के लिए 7 एकड़ भूमि का आवंटन किया है। प्राधिकरण ने स्पार्क मिंडा टोयोडेंसो कंपनी को सेक्टर-8डी में यह भूखंड आवंटित करते हुए लेटर ऑफ इंटेंट जारी किया है।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि, कंपनी इस भूखंड पर करीब दो सौ बीस करोड़ रुपये का निवेश कर आधुनिक ऑटो कंपोनेंट निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस यूनिट में मुख्य रूप से ऑटोमोबाइल स्विच और सेंसर का उत्पादन किया जाएगा, जिनकी मांग घरेलू और अंतरराष्ट्रीय ऑटोमोबाइल बाजार में तेजी से बढ़ रही है।

अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक क्षेत्र को ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट हब के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यूनिट स्थापित होने से क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

प्राधिकरण का मानना है कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक सेक्टरों के कारण बड़ी कंपनियां इस क्षेत्र में निवेश के लिए आगे आ रही हैं। इससे न केवल औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आर्थिक अवसरों में भी वृद्धि होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित