मथुरा , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 72 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बस नोएडा से बिहार के दरभंगा जा रही थी। शाम करीब 7:36 बजे थाना नौहझील क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 76 के पास चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क के बीचों-बीच पलट गई। सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। बस के दरवाजे जाम हो जाने के कारण यात्री भीतर फंस गए थे। पुलिसकर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। मामूली रूप से घायल यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे की एक लेन बाधित हो गई, जिससे वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात बहाल कराया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार मौके पर कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित