ग्रेटर नोएडा , फरवरी 17 -- दुबई में आयोजित (डब्लू.एच.एक्स) दुबई (पूर्व अरब हेल्थ) में उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में विकसित हो रहे यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मेडिकल डिवाइसेज़ पार्क को वैश्विक निवेशकों के सामने मजबूती से प्रस्तुत किया। दौरे का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को उत्तर प्रदेश में विनिर्माण और निवेश के लिए आकर्षित करना था।
प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग विभाग के विशेष सचिव, ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, भारत सरकार का फार्मास्यूटिकल्स विभाग के निदेशक तथा एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर मेडिकल डिवाइसेज़ के कार्यकारी निदेशक शामिल रहे।
यीडा अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया गया कि, दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण निवेश प्रस्ताव और विस्तार योजनाएं सामने आईं हैं,जिसमें डिपोसेफ ने मेडिकल डिवाइसेज़ पार्क में दस एकड़ भूमि के लिए आवेदन करने की इच्छा जताई तथा पोलीमेडिक्योर को पहले ही सात एकड़ भूमि आवंटित हो चुकी है और कंपनी ने जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की जानकारी दी।
कुसुम हेल्थकेयर ने यूक्रेन और सीआईएस देशों के लिए मेडिकल डिवाइसेज़ निर्माण संयंत्र स्थापित करने में रुचि दिखाई।
इसके अतिरिक्त फिलिप्स, फुजीफिल्म, और जिमर बायोमेट, जैसी वैश्विक कंपनियों के साथ स्थानीय निर्माण और साझेदारी को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। वहीं हेल्थियम मेडटेक, और हिंदुस्तान सिरिंजेस एवं मेडिकल डिवाइसेज को भी विस्तार के लिए पार्क में निवेश का औपचारिक आमंत्रण दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित