बर्लिन , मार्च 21 -- जर्मनी ने कहा है कि वह ईरान से जुड़े खतरों को लेकर हाई एलर्ट पर है, लेकिन वह ईरान के विरुद्ध अमेरिका और इजरायल के युद्ध में शामिल नहीं होगा।
इसके गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि उसके अधिकारी ईरान और उसके एजेंटों को 'बड़ा जोखिम' मानते हैं। अधिकारी लगातार खतरे की समीक्षा कर रहे हैं, हाई अलर्ट पर हैं और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने के लिए तैयार हैं।
जर्मनी खुफिया जानकारी साझा करने और जोखिमों का मुकाबला करने के लिए संघीय और राज्य एजेंसियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के बीच घनिष्ठ समन्वय बनाए हुए है।
इस बीच,जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने ने शुक्रवार को संसद में कहा, "अगर अमेरिका ने हमसे परामर्श किया होता, तो हमने इस तरह की कार्रवाई के खिलाफ सलाह दी होती।" उन्होंने कहा कि हालांकि जर्मनी यह चाहता है कि ईरान अब खतरा पैदा न करे, लेकिन युद्ध के संचालन को लेकर उसके पास 'कई सवाल' हैं।
चांसलर ने कहा कि अमेरिका और इजरायल ने 'कोई ठोस योजना' नहीं दिखाई है कि यह अभियान कैसे सफल होगा। उन्होंने कहा, "जब तक युद्ध जारी रहेगा, हम इसमें हिस्सा नहीं लेंगे।"संघर्ष को तेजी से समाप्त करने का आह्वान करते हुए श्री मर्ज़ ने चेतावनी दी कि आगे बढ़ने या एक राज्य के रूप में ईरान के पतन से यूरोपीय सुरक्षा गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है, ऊर्जा आपूर्ति बाधित हो सकती है और बड़े पैमाने पर पलायन शुरू हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित