हपा-आन , अप्रैल 28 -- म्यांमार में प्रतिरोधक सेना के वाव ले क्षेत्र में जारी हमलाें को देखते हुए सेना ने कायिन राज्य में हवाई और तोपखाने से हमले तेज कर दिया है। यह म्यावाड्डी के महत्वपूर्ण सीमावर्ती केंद्र के दक्षिण में स्थित है।
करेन नेशनल लिबरेशन आर्मी (केएनएलए) प्रतिरोध समूह के लड़ाकों ने सहयोगी समूहों के साथ मिलकर शनिवार तड़के अपना हमला शुरू किया और वाव ले कमांड बेस को घेरने के लिए आगे बढ़ गये थे।
प्रतिरोध सूत्रों ने कहा कि अगर सुरक्षा बलोें द्वारा लगातार हवाई हमले और भारी गोलाबारी नहीं की जाती तो यह स्थान संभवतः पहले ही हाथ से निकल गया होता। यह जानकारी इरावदी अखबार ने अपनी रिपोर्ट में दी।
केएनएलए के करीबी एक सूत्र ने कहा, "वाव ले में शासन के गढ़ को पूरी तरह से नष्ट करने के लिए यह एक व्यापक हमला है।" उन्होंने ड्रोन के इस्तेमाल सहित लगातार हवाई हमलों का वर्णन किया। दोनों पक्षों ने भारी हताहतों की सूचना दी है हालांकि किसी भी पक्ष ने कोई आंकड़ा पुष्ट नहीं किया है।
.म्यावाड्डी से भेजी गई अतिरिक्त सेना मिन लाट पान गांव के पास फंसी हुई है जहां झड़पें जारी हैं। दोनों पक्षों की लड़ाई में आम नागरिक फंस गए हैं क्योंकि आसपास के इलाकों में गोले और ड्रोन हमलों से घरों को नुकसान पहुंचने के कारण निवासी भाग रहे हैं। करेन सूचना केंद्र ने बताया कि हालिया लड़ाई में कम से कम 12 नागरिक घायल हुए हैं, लेकिन अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है।
इस स्थिति ने थाईलैंड की सीमा पर भी चिंता बढ़ा दी है। थाई सेना के रचमनु टास्क फोर्स ने कहा कि टाक प्रांत में सीमा के पास गोले गिरने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित