मोहाली , अप्रैल 15 -- पंजाब के मोहाली के एयरपोर्ट रोड स्थित सिटी सेंटर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आसपास के लोगों की मदद से युवती को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा दिया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल से युवती का बैग बरामद हुआ है, जिसमें उसका मोबाइल फोन और अन्य निजी सामान मिला है। वहीं, युवती की स्कूटी से एक आधार कार्ड भी मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान अंबाला निवासी तान्या के रूप में हुई है। पुलिस ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दे दी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवती एक्टिवा पर सवार होकर सिटी सेंटर पहुंची थी। उसके बैग से एक्टिवा की चाबी और लंच बॉक्स भी बरामद हुआ है, जिससे यह संकेत मिलता है कि वह सामान्य रूप से घर से निकली थी।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी संजय ने बताया कि टीम के पहुंचने से पहले ही युवती को अस्पताल ले जाया जा चुका था। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के प्रयास सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित