मोहाली , मार्च 13 -- पंजाब के मोहाली में आशा वर्करों ने अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्हें चंडीगढ़ की ओर बढ़ने से रोकने पुलिस की कार्रवाई में कुछ आशा वर्कर घायल भी हो गयीं। बड़ी संख्या में एकत्रित हुई आशा वर्करों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर चंडीगढ़ की ओर कूच करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी आशा वर्करों का कहना था कि लंबे समय से वे अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है।

आशा वर्कर चंडीगढ़ की ओर बढ़ने लगीं तो चंडीगढ़ पुलिस ने बुडैल के पास बैरिकेड लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच काफी देर तक तनातनी की स्थिति बनी रही। गुस्से में आई कुछ आशा वर्करों ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की, जिसके बाद हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर उन्हें पीछे हटाया।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ आशा वर्कर घायल भी हो गयीं। प्रदर्शनकारी आशा वर्करों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा देने और उनकी तनख्वाह पक्के कर्मचारियों के समान तय करने की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित