मोहाली , फरवरी 19 -- पंजाब में मोहाली के फेज-11 में शनिवार को युवक की हत्या के मामले में मोहाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो नाबालिगों सहित कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक (सिटी) दिलप्रीत सिंह ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गयी।
श्री सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उनका रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल किये गये हथियारों और घटना के पीछे की साजिश के बारे में जानकारी जुटायी जाएगी। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है और कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लायी जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित